शादी से 5 दिन पहले दुल्हन के नाम से फेक आईडी बनाकर अश्लील फोटो वायरल, थाने पहुंची युवती

 

मुजफ्फरपुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी से महज 5 दिन पहले दुल्हन के नाम से फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट बनाकर अश्लील फोटो वायरल कर दिए गए। घटना के बाद शादी वाले घर में हड़कंप मच गया। पीड़िता न्याय की गुहार लगाते हुए थाने पहुंची और केस दर्ज कराया।

मामला ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र का है। पीड़ित युवती ने अमर कुमार नामक व्यक्ति और उसके सहयोगियों पर डिजिटल व शारीरिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है। युवती ने बताया कि उसकी सगाई हो चुकी है और 20 अप्रैल को शादी तय है।

पीड़िता के अनुसार, आरोपियों ने फेसबुक और इंस्टाग्राम पर उसके नाम से फेक आईडी बनाकर अश्लील तस्वीरें रिश्तेदारों और परिचितों को भेजनी शुरू कर दीं। युवती का आरोप है कि आरोपी उसकी शादी तुड़वाने की साजिश रच रहे हैं और उसे समाज में बदनाम कर रहे हैं।

युवती ने यह भी आरोप लगाया कि नौकरी के दौरान अमर कुमार और उसके साथियों ने उसका अपहरण कर होटल ले जाकर मारपीट की थी। वहां उसके कपड़े फाड़कर मोबाइल से आपत्तिजनक तस्वीरें खींच ली गई थीं।

पीड़िता ने बताया कि शादी तय होने के बाद आरोपी लगातार ब्लैकमेल कर रहे हैं। उससे 7 लाख रुपये की रंगदारी मांगी जा रही है। पैसे नहीं देने पर जान से मारने की धमकी भी दी जा रही है।

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शादी से पहले दुल्हन को प्रताड़ित करने और सोशल मीडिया पर बदनाम करने की यह घटना इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ